धनबाद: धनबाद नगर निगम के प्रथम डिप्टी मेयर रहे स्वर्गीय नीरज सिंह के मौसेरे भाई एवं झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के देवर हर्ष सिंह के धैया स्थित आवास ‘संजय सदन’ में उनके पुत्र ‘सहर्ष’ के शुभागमन के अवसर पर भव्य भगवती जागरण एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। धार्मिक और सामाजिक महत्व वाले इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, उद्योगपति तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए।
लखवीर सिंह लखा के भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लखा की प्रस्तुति रही। उन्होंने माता के लोकप्रिय भजनों की संगीतमय प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले जागरण में श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और माता रानी की आराधना में शामिल हुए।
नवजात ‘सहर्ष’ को आशीर्वाद देने पहुंचे कई मंत्री और जनप्रतिनिधि
समारोह में झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन, दीपिका पाण्डेय सिंह और राधा कृष्ण किशोर सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। इसके अलावा विधान परिषद सदस्य धनंजय सिंह, विधायक सरयू राय, राज्य मंत्री ज्योति सिंह, पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह, विधायक अनंत प्रताप देव, विधायक ममता देवी, विधायक संजीव सरदार, विधायक समीर मोहंती, विधायक अरूप चटर्जी, केदार हजारा, पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला समेत कई गणमान्य अतिथियों ने नवजात ‘सहर्ष’ को शुभाशीष दिया।

सिंह परिवार ने किया अतिथियों का स्वागत
आयोजन में सिंह परिवार ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, अभिषेक सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह, हर्ष सिंह, आदर्श सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्य पूरे आयोजन के दौरान मेहमानों के स्वागत और व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे।

देर रात तक चलता रहा शुभकामनाओं का सिलसिला
धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और प्रीतिभोज के साथ आयोजित यह समारोह देर रात तक चलता रहा। बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े लोग संजय सदन पहुंचकर नवजात ‘सहर्ष’ को आशीर्वाद देते रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, पारिवारिक उत्सव और सामाजिक सहभागिता का विशेष माहौल देखने को मिला।


