सिंदरी/धनबाद: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन और NEET पेपर लीक मामले के विरोध में बुधवार को सिंदरी के कांड्रा मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप महतो ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं से विद्यार्थियों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप महतो ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 22 दिनों से आंदोलन जारी है, लेकिन आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
आंदोलनकारियों की मांगों पर पहल की मांग
प्रदीप महतो ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इसी लोकतांत्रिक अधिकार के समर्थन में सिंदरी में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और आंदोलनरत लोगों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की।
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में विक्की पंडित, सूरज देव गोराई, अर्जुन कुमार, नारायण चंद्र महतो, रंजन कुमार प्रमाणिक, विवेक कुमार, राजू कुमार सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

