धनबाद: वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ धनबाद नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को निगम की टीम ने हटिया मार्केट स्थित चार दुकानों को सील कर दिया। नगर निगम के अनुसार इन दुकानों पर पिछले चार से पांच वर्षों से किराया बकाया था।
नोटिस के बाद भी नहीं जमा किया किराया
नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई के दौरान हटिया मार्केट में कुछ समय तक हलचल का माहौल रहा।
नगर निगम के अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को पहले दो से तीन बार नोटिस जारी कर बकाया किराया जमा करने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद किराया जमा नहीं किए जाने पर निगम ने नियमानुसार दुकानों को सील करने की कार्रवाई की।
अन्य बकायेदारों को भी चेतावनी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल चार दुकानों को सील किया गया है। आगे की कार्रवाई नगर निगम के नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार की जाएगी।

अधिकारी अनिल कुमार ने हटिया मार्केट के अन्य दुकानदारों से भी अपील की कि जिनका किराया बकाया है, वे जल्द से जल्द उसका भुगतान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व वसूली अभियान रहेगा जारी
नगर निगम के अनुसार राजस्व वसूली को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम का उद्देश्य बकाया किराया वसूलना और नगर निगम की संपत्तियों के प्रबंधन को नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करना है।
