बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला हुआ है। बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इसमें 45 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बीएलए के अनुसार, यह हमला मस्तुंग के खदकोचा इलाके में किया गया। संगठन के फतह स्क्वाड ने सैनिकों को ले जा रहे बसों के काफिले और उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों को निशाना बनाया।
बीएलए ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद मौके पर पहुंची अतिरिक्त सुरक्षा टुकड़ियों पर भी हमला किया गया। संगठन ने गुरुवार को बयान जारी कर हमले की जानकारी दी।
हमले के बाद मस्तुंग इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बीएलए के लड़ाकों के बीच झड़प की भी खबर है। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से इस मामले पर आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
बलूचिस्तान प्रांत का मस्तुंग लंबे समय से विद्रोहियों का गढ़ बना हुआ है। इस जिले में पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर कई बड़े हमले किए गए हैं। साइज के लिहाज से पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत बलूचिस्तान के दूर-दराज के इलाकों में सैनिकों को लाने-ले जाने के लिए पाकिस्तानी सेना को लगातार मुश्किल आ रही है।
बलूचिस्तान में बीएलए ने हालिया वर्षों में लगातार पाकिस्तानी आर्मी पर हमले किए हैं। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सशस्त्र संगठन बीएलए दो दशक से सक्रिय है लेकिन बीते कुछ वर्षों में इसकी गतिविधियां बढ़ी हैं। इस गुट का कहना है कि उसका उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से स्वतंत्रता दिलाना है।
बता दें कि बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सरकार और आर्मी के खिलाफ नाराजगी दशकों पुरानी है। पाकिस्तान के गठन के बाद से ही इस प्रांत में इस्लामाबाद पर भरोसे की कमी रही है। बलूचिस्तान के लोगों का कहना है कि उनका प्रांत खनिज संसाधनों से भरा है लेकिन उनके संसाधनों को पंजाब और दूसरे प्रांत के लोग लूट रहे हैं।

