नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET UG 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया। इस परीक्षा में 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की और मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई किया।
जारी परिणाम के अनुसार, इस बार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। कुल सफल अभ्यर्थियों में करीब 58 प्रतिशत छात्राएं हैं, जबकि बाकी सफल उम्मीदवार छात्र हैं।
हरियाणा के पांशुल बंसल टॉपर बने। वहीं, पंजाब के आर्यन गुप्ता ने भी टॉप किया। दोनों टॉपरों को सबसे अधिक 715 अंक मिले। दोनों परीक्षार्थी संयुक्त रूप से टॉपर घोषित हुए।
पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी हर्षुल गर्ग ने नीट-यूजी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 50 हासिल की है। हर्षुल की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हर्षुल के पिता सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल, पंचकूला में आयुष्मान भारत परियोजना के तहत चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। हर्षुल ने अपनी स्कूली शिक्षा पटेल पब्लिक स्कूल, राजपुरा (पटियाला) से पूरी की। हर्षुल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित मेहनत को दिया।

