धनबाद: जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान और उनके निशुल्क उपचार के उद्देश्य से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत धनबाद से चिह्नित 20 बच्चों को 18 जुलाई को बोकारो भेजा जाएगा।
तीन जिलों में आयोजित होंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर
जिला प्रशासन के अनुसार विशेष शिविरों का आयोजन निम्न तिथियों पर किया जाएगा।
- 17 जुलाई: एम्स देवघर
- 18 जुलाई: न्यायिक भवन, बोकारो
- 19 जुलाई: डीईआईसी भवन, पश्चिमी सिंहभूम
धनबाद जिले से चयनित 20 बच्चे बोकारो में आयोजित शिविर में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने बच्चों के आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच, जरूरत पर होगी मुफ्त सर्जरी
शिविर में बाल हृदय रोग विशेषज्ञ बच्चों की विस्तृत जांच करेंगे। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार बच्चों का निशुल्क उपचार और सर्जरी कराई जाएगी। यह सुविधा उन बच्चों के लिए भी उपलब्ध होगी, जिन्हें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पहले से जन्मजात हृदय रोग के संभावित मरीज के रूप में चिह्नित किया गया है।
उपायुक्त ने अभिभावकों से की अपील
उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण हैं या वह पहले से चिन्हित है, तो वे निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से बच्चों का जीवन सुरक्षित बनाया जा सकता है।

