प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार 17 जुलाई 2026 को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 26,770 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
इन परियोजनाओं में हरियाणा के लिए 14,700 करोड़ रुपये, चंडीगढ़ के लिए 6,600 करोड़ रुपये और पंजाब के लिए 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं शामिल हैं। अपने दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री हरियाणा के जींद से करेंगे। यहां वे जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह ट्रेन पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित की गई है तथा स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। इसके शुरू होने के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा, जहां हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेनें संचालित होती हैं। यह पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का PM करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
इसके बाद, करीब साढ़े 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी जिंद स्थित एकलव्य स्टेडियम में करीब 14,700 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिसमें 12,470 करोड़ से ज्यादा की लागत से तैयार नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स के साथ हेल्थ और कल्चरल प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं.
नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट के तहत पीएम मोदी करीब 9,680 करोड़ की लागत से बने 157.92 किमी लंबे फोर लेन, फुली-एक्सेस कंट्रोल वाले दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (पैकेज 1 टू 5) देश को समर्पित करेंगे. इसके साथ, पीएम मोदी NH-7 और NH -344 के बीच 33.81 की लंबे फोर लेन अंबाला-काला अंब हाईवे, NH-352ए पर 40.60 किमी लंबे जिंद–गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे और कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को देश को समर्पित करेंगे. साथ ही, 24.27 की लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी करेंगे.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में कई स्वास्थ्य और सांस्कृतिक परियोजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इसके बाद वे जनसभा को संबोधित भी करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के दौरे को पूरा करने के बाद दोपहर करीब 1:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे 6,600 करोड़ से ज्यादा की लागत की स्वास्थ्य, शिक्षा और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन राज्यों के दौरे के आखिर में पंजाब के जालंधर पहुंचेंगे, जहां वे 5,470 करोड़ से ज्यादा की लागत वाली रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं का उद्देश्य कनेक्टिविटी को बढ़ाने, यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार करने के साथ क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है.
जालंधर दौरे के दौरान पीएम मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 1,570 करोड़ की लागत से विकसित जालंधर कैंट सहित 20 राज्यों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे. साथ ही, PM मोदी 830 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कई नई रेलवे लाइनों का उद्घाटन करेंगे और करटोली-अंबाला ट्रेन सर्विस और अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी 3,070 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाले नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किमी लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन और 25.2 किमी लंबे 6-लेन दक्षिणी लुधियाना ग्रीनफील्ड बाईपास की शिलान्यास शामिल है.

