उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमरेंद्र सिंह सेंगर को बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। उन्हें प्रमोशन के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस का डायरेक्टर जनरल (DG) बनाया जाएगा।
अमरेंद्र सिंह सेंगर फिलहाल लखनऊ के पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। वह 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और पिछले 30 से अधिक वर्षों में उन्होंने पुलिस विभाग के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।
अपने लंबे सेवा काल के दौरान उन्हें बेहतर कार्यों के लिए कई सम्मान भी मिल चुके हैं। अब उनके डीजी बनने के साथ ही उन्हें प्रदेश की कानून-व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभालनी होगी।
सन 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी अमरेंद्र सेंगर का प्रमोशन वास्तव में 30 अगस्त को डीजी रैंक के अधिकारी अशोक मुथा जैन के रिटायरमेंट के बाद होना था। लेकिन डीजी फायर सर्विसेज सुजीत पांडे को केंद्र में डेपुटेशन पर भेज दिया गया है। उन्हें सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके बाद डीजी रैंक में पद खाली हो गया है। राज्य सरकार ने हाल ही में सुजीत पांडे को नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रिलीव करल दिया है, जिससे अमरेंद्र सेंगर के जल्द प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है।
छपरा के रहने वाले हैं सेंगर
आईपीएस अमरेंद्र सिंह सेंगर उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के अधिकारी हैं। मूल रूप से बिहार के छपरा के रहने वाले सेंगर अभी लखनऊ के पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। उन्हें केंद्र सरकार की ओर से डीजी रैंक के लिए सूचीबद्ध कर लिया गया है। एक जनवरी 1970 को जन्मे अमरेंद्र सिंह सेंगर राजनीति विज्ञान में एमए हैं।
अमरेंद्र सेंगर अपने 30 साल से अधिक के करियर में पहले 9 जिलों में एसपी और एसएसपी के पदों पर रहे हैं। इसके बाद वे यूपी पुलिस के आईजी लॉ एंड ऑर्डर, एसएसबी और एनडीआरएफ में आईजी और वाराणसी जोन के आईजी रह चुके हैं। उन्होंने सन 2017 से 2019 तक राजनाथ सिंह के ओएसडी के रूप में तब काम किया था जब वे केंद्रीय गृह मंत्री थे।
सेंगर ने 21 जून, 2024 को लखनऊ के पुलिस कमिश्नर का पद संभाला था। उनसे पहले इस पद पर रहे 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी एसबी शिराडकर का प्रमोशन डीजी रैंक पर होने पर सेंगर को पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। वे सन 2010 में डीआईजी बने थे और 2013 में आईजी बने थे। एक जनवरी 2020 को उन्हें एडीजी बनाया गया था।
अमरेंद्र सेंगर को पुलिस के अलग-अलग पदों पर रहते हुए कई पुरस्कार और सम्मान मिले। उनको सन 2012 में सेवा सम्मान, सन 2019 में ओएस सर्विस मेडल और डीजी कमेंडेशन रोल, 2020 में ही डीजी स्पेशल डिस्क और एनडीआरएफ डीजी कमेंडेशन रोल, सन 2021 में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें सन 2025 में डीजी कमेंडेशन डिस्क सिल्वर, डीजी कमेंडेशन डिस्क गोल्ड और उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।
लखनऊ को मिलेंगे नए पुलिस कमिश्नर
बता दें कि अमरेंद्र सेंगर का प्रमोशन जल्द ही होने वाला है, इसलिए लखनऊ में पुलिस कमिश्नर पद खाली हो जाएगा। इस पद पर कौन आएगा, यह जिज्ञासा सभी में है। सूत्रों का कहना है कि सेंगर के प्रमोशन को इस हफ्ते मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद यूपी सरकार राज्य की राजधानी के लिए नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त कर सकती है। उनके उत्तराधिकारी को लेकर बातचीत चल रही है और नई नियुक्ति के आदेश अगले कुछ दिनों में जारी किए जा सकते हैं।

