धनबाद के जियलगोड़ा में 2.5 एकड़ सरकारी तालाब कराया गया कब्जामुक्त, हाइवा जब्त

धनबाद के जियलगोड़ा में 2.5 एकड़ सरकारी तालाब कराया गया कब्जामुक्त, हाइवा जब्त

धनबाद: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशों के अनुपालन में धनबाद जिला प्रशासन ने सरकारी जलस्रोतों पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर अंचल के जियलगोड़ा स्थित लगभग 2.5 एकड़ सरकारी तालाब को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान अवैध मिट्टी भराई में प्रयुक्त एक हाइवा जब्त किया गया और गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन

प्रशासन के अनुसार, गोविंदपुर के अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि जियलगोड़ा स्थित सरकारी तालाब में मिट्टी भरकर उस पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों को देखकर अवैध कार्य में शामिल लोग हाइवा छोड़कर फरार हो गए।

इसके बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा संख्या WB 81 B 0026 को जब्त कर थाना ले गई।

सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे की थी कोशिश

जांच में पाया गया कि मौजा जियलगोड़ा, थाना संख्या 129, हाल सर्वे खाता संख्या 243 एवं प्लॉट संख्या 687 की कुल 2.49 एकड़ भूमि सरकारी आनाबाद खाते की है, जिसका स्वरूप तालाब (जलकर) है।

अंचल अधिकारी ने बताया कि इस तालाब का उपयोग स्थानीय ग्रामीण मछली पालन, धार्मिक अनुष्ठानों और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक जलस्रोत पर अवैध कब्जे की नीयत से मिट्टी भराई की जा रही थी।

भू-माफियाओं के खिलाफ FIR दर्ज

अंचल अधिकारी के लिखित आवेदन पर गोविंदपुर थाना कांड संख्या 215/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 329(3), 61(2), 3(5) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3(2) के तहत दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में जब्त हाइवा के मालिक, चालक और अन्य अज्ञात भू-माफियाओं को आरोपी बनाया गया है।

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सरकारी भूमि, तालाबों और अन्य जलस्रोतों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि जब्त हाइवा के मालिक और चालक की पहचान के साथ पूरे सिंडिकेट की जांच की जा रही है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ धनबाद पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करेगी।

अपर समाहर्ता प्रदीप शुक्ला ने संबंधित अंचल अधिकारी को स्थल का सीमांकन कराने तथा तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *