धनबाद: उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को धनबाद जिले के मैथन और निरसा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ईएफ (Enumeration Form) वितरण समय पर पूरा करने तथा डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बीएसके कॉलेज मैथन के बूथ संख्या 288 का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने बीएसके कॉलेज, मैथन स्थित बूथ संख्या 288 का दौरा किया। यहां उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 के साथ चुनावी पाठशाला में भाग लिया तथा अभिभावकों, छात्रों और स्थानीय नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के महत्व के बारे में जानकारी दी।
डिजिटाइजेशन और मतदाता सत्यापन पर विशेष जोर
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एब्सेंट (Absent), शिफ्टेड (Shifted), डुप्लीकेट (Duplicate) और मृत मतदाताओं की सूची पूरी सावधानी से तैयार की जाए। साथ ही विभाग से प्राप्त नवीनतम अनमैप्ड मतदाताओं की सूची के आधार पर सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि ईएफ फॉर्म का वितरण समय पर पूरा करते हुए डिजिटाइजेशन कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
मतदाताओं से जल्द फॉर्म जमा करने की अपील
प्रमंडलीय आयुक्त ने आम मतदाताओं से अपील की कि उन्हें प्राप्त ईएफ फॉर्म को सही जानकारी के साथ जल्द भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य समय पर पूरा हो सके।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, प्रखंड विकास पदाधिकारी एग्यारकुंड मधु कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी निरसा इंद्रलाल ओहदार, अंचल अधिकारी निरसा विक्रम आनंद, डीवीसी के उप महाप्रबंधक सुखमय नायक सहित निर्वाचन कोषांग के कर्मी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

