पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आम नागरिकों को किफायती दरों पर हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के लिए 13 जुलाई 2026 से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि 18 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार नियमित हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन किया जाएगा।
पटना से तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा
नई योजना के पहले चरण में पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए सब्सिडी युक्त हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होगी। राज्य सरकार प्रत्येक टिकट पर अधिकतम ₹15,422 तक का अनुदान देगी, जिससे आम नागरिक भी कम लागत में हवाई पर्यटन का आनंद ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब केवल इतिहास और आस्था की भूमि नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है।
पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार और निवेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार होम स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर गांवों तक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था विकसित करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत पर्यटन अवसंरचना विकसित करने पर भी जोर दे रही है।
बिहार की विरासत को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, नालंदा विश्वविद्यालय, मगध साम्राज्य, वाल्मीकिनगर, भीमबांध, वैशाली, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर, मां मुंडेश्वरी मंदिर सहित अनेक ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का केंद्र है। इन धरोहरों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पटना में दो बड़े होटल विकसित किए जा रहे हैं तथा जेपी गंगा पथ से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोपवे परियोजना की भी परिकल्पना की जा रही है।
बिहार के नागरिक बनें पर्यटन के ब्रांड एंबेसडर
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिहार का प्रत्येक नागरिक राज्य का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने व्यवहार और आतिथ्य के माध्यम से बिहार की समृद्ध संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों का सकारात्मक प्रचार करें ताकि राज्य की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हो सके।
हितधारकों को मिला प्रोत्साहन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार पर्यटन नीति-2023 के अंतर्गत विभिन्न हितधारकों को डमी चेक तथा मुख्यमंत्री होम स्टे प्रोत्साहन योजना के लाभुकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक उपस्थित रहे।

