धनबाद: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को धनबाद समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालय, आंतरिक संसाधन, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों को राजस्व लक्ष्य समय पर पूरा करने, लंबित म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा प्रमाण पत्रों के आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व लक्ष्य पूरा करने पर जोर
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए राजस्व संग्रहण बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय नियमों एवं योजनाओं की पूरी जानकारी रखते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में खनन, वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, कृषि, निबंधन, मत्स्य, नगर निगम, विद्युत आपूर्ति, ई-रेवेन्यू कोर्ट तथा डीएमएफटी सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
म्यूटेशन और प्रमाण पत्रों का समय पर करें निष्पादन
आयुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामलों पर नाराजगी जताते हुए सभी अंचल अधिकारियों को समय सीमा के भीतर मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना उचित कारण के मामलों को लंबित रखना राजस्व हित में उचित नहीं है और यह राइट टू सर्विस के प्रावधानों के भी विरुद्ध है।
इसके साथ ही जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अवैध खनन और कर चोरी पर सख्ती
बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखने तथा एमएमडीआर अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। वाणिज्य कर विभाग को कर चोरी रोकने और कर संग्रहण बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जबकि परिवहन विभाग को नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया।
उत्पाद विभाग की समीक्षा में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई और जब्त शराब की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की सराहना
डीएमएफटी की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सदर अस्पताल, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, तोपचांची में डायलिसिस सेंटर सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने धनबाद जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का प्रयास जारी रहना चाहिए।
SIR 2026 पर भी हुई समीक्षा
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की भी समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने तथा शहरी क्षेत्रों में बेहतर कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक से पहले सर्किट हाउस में उपायुक्त आदित्य रंजन ने प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

