समुद्री प्रदूषण पर लगाम लगाने और तटीय क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार 10 से 19 सितंबर तक देशव्यापी ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत समुद्र तटों की सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने वैज्ञानिक संस्थानों से समन्वय बढ़ाकर अभियान को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
10 से 19 सितंबर तक पूरे देश के समुद्री तटों पर चलेगा अभियान
केंद्र सरकार 10 से 19 सितंबर 2026 तक पूरे देश के समुद्री तटों पर स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर अभियान चलाएगी।
अभियान के दौरान समुद्र तटों की सफाई के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान में वैज्ञानिक संस्थानों, सरकारी विभागों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी होगी।
- रविवार को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विज्ञान मंत्रालयों और विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी वैज्ञानिक संस्थान अलग-अलग काम करने के बजाय एक टीम की तरह काम करें, ताकि विज्ञान का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे।
- सरकार का लक्ष्य इस अभियान को देश के सबसे बड़े तटीय स्वच्छता अभियानों में शामिल करना है। इसमें आधुनिक तकनीक, जनभागीदारी और विभिन्न मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर रहेगा।
- बैठक में यह भी तय किया गया कि पिछले 12 वर्षों में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वीडियो, डॉक्यूमेंट्री, इन्फोग्राफिक्स, सोशल मीडिया अभियान और सफलता की कहानियों के जरिए लोगों को जानकारी दी जाएगी।

