आसनसोल/सलानपुर: पश्चिम बंगाल के सलानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देनदुआ इलाके में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में छापेमारी की। पुलिस ने होटल से देशी और विदेशी शराब की बोतलें तथा नकदी बरामद कर होटल संचालक को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, कल्याणेश्वरी फाड़ी को सूचना मिली थी कि देनदुआ स्थित सैनी होटल में खाने के होटल की आड़ में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर फाड़ी प्रभारी पार्थ सरकार के नेतृत्व में विशेष टीम ने शनिवार शाम होटल पर छापेमारी की।
19 बोतल शराब और ₹9 हजार नकद बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से 19 बोतल देशी और विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बिक्री से संबंधित करीब 9 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
मामले में होटल संचालक संजीव सूत्रधर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब और नकदी को पुलिस ने जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लंबे समय से चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि होटल में लंबे समय से कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी। मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे अवैध शराब का कारोबार चला रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है।
रविवार को कोर्ट में होगी पेशी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार होटल मालिक संजीव सूत्रधर को रविवार को आसनसोल कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
(न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट)

