धनबाद में नए CISF डीआईजी राजीव मिश्रा का सख्त एक्शन, सिजुआ-कतरास में औचक निरीक्षण

धनबाद में नए CISF डीआईजी राजीव मिश्रा का सख्त एक्शन, सिजुआ-कतरास में औचक निरीक्षण

धनबाद: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के नव-पदस्थापित डीआईजी राजीव मिश्रा ने शुक्रवार शाम धनबाद के सिजुआ और कतरास क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लोयाबाद, जोगता थाना क्षेत्र के 22/12, एसबीसी रेलवे साइडिंग और कांटा पहाड़ी जैसे संवेदनशील इलाकों का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल धनबाद यूनिट के वरीय कमांडेंट अजय सिंह, कमांडेंट मुकेश कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरे अभियान में बड़ी संख्या में CISF जवान तैनात रहे।

अवैध कोयला खनन पर सख्त रुख

निरीक्षण के बाद डीआईजी राजीव मिश्रा ने बताया कि पिछले 13 दिनों से प्रभावित क्षेत्रों में अवैध कोयला उत्खनन पूरी तरह बंद है। उन्होंने कहा कि इससे पहले इन इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं।

उन्होंने यह भी बताया कि इस अवैध कारोबार में शामिल कुछ कथित सफेदपोशों और कारोबारियों के नाम सामने आए हैं। फिलहाल उनकी पुष्टि की जा रही है और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

डीआईजी ने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में पहले अवैध खनन होता था, वहां दोबारा ऐसी गतिविधियां किसी भी कीमत पर शुरू नहीं होने दी जाएंगी। उन्होंने बीसीसीएल की संपत्तियों की सुरक्षा, राष्ट्रीय संपदा की चोरी रोकने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

सीआईएसएफ के इस औचक निरीक्षण और सख्त रुख के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *