धनबाद सदर अस्पताल में महिला के बच्चेदानी के बड़े ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, निःशुल्क मिला इलाज

धनबाद सदर अस्पताल में महिला के बच्चेदानी के बड़े ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, निःशुल्क मिला इलाज

धनबाद: सदर अस्पताल धनबाद में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। झरिया के डिगवाडीह नंबर-10 निवासी 45 वर्षीय प्रमिला देवी के बच्चेदानी (यूटरस) में मौजूद बड़े ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर और संतोषजनक है।

एक वर्ष से थीं गंभीर समस्या से परेशान

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि प्रमिला देवी पिछले लगभग एक वर्ष से लगातार पेट दर्द, अत्यधिक मासिक रक्तस्राव और कमजोरी की समस्या से जूझ रही थीं। जांच के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा परीक्षण में बच्चेदानी में बड़ा ट्यूमर होने की पुष्टि हुई, जिसके कारण उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही थी।

आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पताल में इलाज संभव नहीं था

प्रमिला देवी सहिया के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनके पति किसान हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निजी अस्पताल में इलाज कराना संभव नहीं था। लगातार रक्तस्राव के चलते मरीज की शारीरिक स्थिति भी काफी कमजोर हो गई थी।

मरीज की पुत्री, जो एक निजी अस्पताल में एएनएम के रूप में कार्यरत हैं, ने भी सदर अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं पर भरोसा जताते हुए अपनी माता का उपचार यहीं कराने का निर्णय लिया।

विशेषज्ञ टीम ने किया सफल ऑपरेशन

डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में मरीज की बच्चेदानी निकालने की जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक की गई। ऑपरेशन के दौरान निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. पवन तथा ओटी सहायक रंजना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत सामान्य है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

निजी अस्पताल में आता 50 हजार रुपये तक का खर्च

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यदि यही ऑपरेशन किसी निजी अस्पताल में कराया जाता तो मरीज को लगभग 40 से 50 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते। सदर अस्पताल में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत यह पूरा उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।

परिजनों ने जताया आभार

सफल ऑपरेशन के बाद प्रमिला देवी और उनके परिजनों ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद समय पर गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क इलाज मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सदर अस्पताल आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से आम नागरिकों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *