पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है। इस निर्णय के बाद बांकीपुर सीट का चुनावी समीकरण बदल गया है।
पारिवारिक कारणों का दिया हवाला
अभिषेक कुमार ने चुनावी मैदान से हटने के पीछे पारिवारिक कारण बताए हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर अपने निर्णय की जानकारी दी। पार्टी को भेजे गए पत्र में उन्होंने निजी परिस्थितियों के कारण चुनाव नहीं लड़ पाने की बात कही है।
नामांकन के एक दिन बाद बदला फैसला
भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा सीट से अभिषेक कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। उन्होंने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किया था और चुनाव प्रचार की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। हालांकि, नामांकन के अगले ही दिन उनके चुनाव से हटने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी।
नई रणनीति पर टिकी निगाहें
उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद अब भाजपा की अगली रणनीति को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। राजनीतिक गलियारों में नए उम्मीदवार की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
हाई-प्रोफाइल सीट पर बढ़ी सियासी हलचल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पहले से ही राज्य की प्रमुख राजनीतिक सीटों में गिना जा रहा है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार के चुनावी मैदान से हटने के बाद इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। अब सभी की नजरें भाजपा के अगले फैसले और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।

