राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP ने मनाया 78वां स्थापना दिवस, धनबाद में संगोष्ठी और मेडिकल कैंप का आयोजन

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP ने मनाया 78वां स्थापना दिवस, धनबाद में संगोष्ठी और मेडिकल कैंप का आयोजन

धनबाद: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) की धनबाद महानगर इकाई ने 9 जुलाई राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं संगठन के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान ध्वजारोहण, संगोष्ठी, छात्र संवाद तथा निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।

ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत धनबाद स्थित ABVP कार्यालय में ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद महानगर क्षेत्र के डेविड क्लासेस में संगोष्ठी एवं छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं धनबाद ग्रामीण के सिंदरी में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया।

छात्रहित और राष्ट्र निर्माण पर हुई चर्चा

संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महानगर अध्यक्ष डॉ. मनोज सिंह ने कहा कि ABVP अपनी स्थापना के समय से ही छात्रहित, समाजहित और राष्ट्रहित के लिए कार्य करती आ रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की 78 वर्षों की यात्रा छात्र नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति उसके समर्पण को दर्शाती है।

प्रदेश कार्य समिति सदस्य अंशु तिवारी तथा डेविड क्लासेस के संस्थापक मनोज तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

महानगर मंत्री कृष्णा हाजरा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से छात्रहित के साथ-साथ राष्ट्रहित में भी सक्रिय योगदान देने की अपील की।

जिला संगठन मंत्री नितेश तिवारी ने कहा कि ABVP केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरित ऐसा संगठन है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उन्हें जागरूक करने का कार्य करता है।

बड़ी संख्या में शामिल हुए विद्यार्थी

कार्यक्रम में पूर्व विभाग संयोजक सुधांशु प्रसाद गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विक्की ठाकुर, विशाल ओझा, अमित तिवारी, प्रियंका गोराई, महानगर सह मंत्री जयेश राठौर, कॉलेज मंत्री श्यामली आनंद, मुस्कान सोरेन, साक्षी, स्वीटी कुमारी, दिव्य श्रेष्ठ, आयुष सिंह, ओम गणेश, हर्ष सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *