धनबाद: जिले के बालियापुर थाना क्षेत्र के मुखिया टोला निवासी चार लोग गुरुवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा पालनी मोड़ के पास उस समय हुआ, जब सभी ई-रिक्शा से धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती अपने एक परिजन से मिलने जा रहे थे। घायलों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
एक महिला की हालत गंभीर
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।
घायलों की पहचान शहनाज खातून, सबीना खातून, शबाना खातून और मोबिन खान के रूप में हुई है।
परिजन से मिलने जा रहे थे सभी
परिजनों ने बताया कि सभी लोग अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार का हालचाल जानने जा रहे थे। इसी दौरान पालनी मोड़ के पास अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फिलहाल, अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की सूचना संबंधित पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

