ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय हुआ हादसा
धनबाद। ईसीएल के मुगमा क्षेत्र अंतर्गत निरसा थाना क्षेत्र स्थित चापापुर आउटसोर्सिंग परियोजना में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आउटसोर्सिंग कंपनी में कार्यरत एक कर्मी की ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौटने के दौरान डोजर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
डोजर की चपेट में आने से गई जान
मृतक की पहचान सोनाबाद निवासी दिलदार खाना के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्यस्थल पर चल रहा एक डोजर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि डोजर ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और इसके बाद वह कर्मी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने रोका कोयला उत्पादन और परिवहन
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजा और आश्रित को नियोजन की मांग को लेकर आउटसोर्सिंग परियोजना में कोयला उत्पादन और परिवहन कार्य रोक दिया तथा धरने पर बैठ गए।
पुलिस पहुंची, प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता जारी
स्थिति तनावपूर्ण होने पर कंपनी प्रबंधन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच मुआवजा तथा नियोजन को लेकर वार्ता जारी थी।
हादसे की जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दुर्घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
बाइट:
- मुखिया पुष्पा बाउरी
- संतोष रॉय, निरसा प्रखंड अध्यक्ष, कांग्रेस
- स्थानीय ग्रामीण निसार अहमद

