साइबर ठग मंत्री के नाम का कर रहे दुरुपयोग
आसनसोल: पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर्स मंत्री के मोबाइल नंबर से जुड़े व्हाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल कर उनके परिचितों और अन्य लोगों को फर्जी संदेश भेजकर रुपये मांग रहे हैं।
‘UPI काम नहीं कर रहा’ कहकर मांगे जा रहे 35 हजार रुपये
जानकारी के अनुसार, हैक किए गए व्हाट्सएप अकाउंट से लोगों को संदेश भेजा जा रहा है कि, “मुझे कुछ अमाउंट की अर्जेंट जरूरत है। मेरा UPI काम नहीं कर रहा है। सुबह तक वापस कर दूंगा, हो पाएगा?” इसके बाद साइबर ठग 35 हजार रुपये की मांग करते हुए एक QR कोड भी भेज रहे हैं, ताकि लोग ऑनलाइन भुगतान कर दें।
बेटे केशव पोद्दार ने जारी की चेतावनी
मंत्री के पुत्र एवं भाजपा नेता केशव पोद्दार ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने अपील की है कि यदि मंत्री के नंबर से किसी प्रकार का संदेश या पैसे की मांग आए तो उस पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करें। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
साइबर ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील
बताया गया है कि डॉ. अजय कुमार पोद्दार इन दिनों कोलकाता में विभिन्न सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। इस बीच उनके नाम और नंबर का दुरुपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले उसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि करनी चाहिए और बिना सत्यापन के कोई भुगतान नहीं करना चाहिए।

