पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हाल ही में टीएमसी से निलंबित किए गए पार्टी के पूर्व प्रवक्ता रिजु दत्ता ने टीएमसी और वाम दलों पर निशाना साधते हुए नई बीजेपी सरकार की तारीफ की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे को अहम बताते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद यह उनका पहला बंगाल दौरा है। रिजु दत्ता के मुताबिक, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती राज्य के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
बंगाल में मुखर्जी को टीएमसी और लेफ्ट के समय ज्यादा पहचान नहीं मिली: रिजु दत्ता
रिजु ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उतनी पहचान नहीं मिली क्योंकि लेफ्ट के दौर से लेकर टीएमसी के कार्यकाल तक उनके नाम को मिटाने की ही कोशिशें की गईं. फिर भी सच तो यह है कि आज बंगाल का अस्तित्व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की वजह से ही है. वरना बांग्लादेश में मिल गया होता.
रिजु ने कहा कि गृहमंत्री एक मूर्ति का अनावरण करेंगे. फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि देंगे. मुझे लगता है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है.
इधर, दो दिवसीय यात्रा पर बंगाल पहुंचे अमित शाह ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर 125 फुट ऊंची प्रतिमा का शिलान्यास किया है. कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में मूर्ति को स्थापित किया गया है. इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे.
बारुईपुर रेप केस एक दुखद मामला
वहीं, बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के कथित रेप मामले पर भी रिजु ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यह वाकई दुखद है. हमारे देश में रेप और यहां तक गैंगरेप भी एक राजनीतिक मुद्दा बन गया है. राजनीतिक पार्टियां गिद्धों जैसी राजनीति करती हैं. वे रेप के मामले में भी धर्म लाने की कोशिश करती है. जो लोग किसी का रेप या गैंग रेप करते हैं, उन्हें मौत की सजा मिलनी चाहिए. एक ऐसा बिल लाया जाना चाहिए, जो रेप करने वालों या उसके बारे में सोचने वालों के मन में इतना डर पैदा कर दें, कि उन्हें पक्का पता हो कि अगले ही दिन उन्हें फांसी हो जाएगी.

