मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा बन गई है। सोमवार (6 जुलाई 2026) को बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, लोहगढ़ किले के पास भूस्खलन होने से एक परिवार के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराना हाईवे बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि कई जगह ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।.
हादसों में गई 10 लोगों की जान
बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर के अलग-अलग इलाकों से दिल दहला देने वाली खबरें आ रही हैं. कुर्ला में एक सड़क किनारे बनी दुकान पर भारी-भरकम पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 63 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई. वहीं साकी नाका इलाके में जलभराव के कारण छिपा हुआ मैनहोल न दिखने की वजह से एक शख्स उसमें गिर गया और डूबने से उसकी जान चली गई.
एक बेहद दुखद हादसा चेम्बूर में हुआ, जहां एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के बच्चे की मौत हो गई. इसके अलावा मीरा रोड-भायंदर इलाके में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति पर नारियल का पेड़ गिर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. प्रशासन की पाबंदी और चेतावनियों के बावजूद नवी मुंबई के खारघर में मौजूद पांडवकड़ा झरने पर गए दो युवक तेज बहाव में बह गए और उनकी भी मौत हो गई. मानसून में यह जगह बेहद खतरनाक होने के कारण पर्यटकों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है.
लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में हुए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है, जहां एक परिवार के फंसे होने की खबर है. कोल्हापुर रेंज के आईजीपी रंजन कुमार शर्मा के मुताबिक राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है. इस आपदा के कारण एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग लिंक पर टनल 2 के पास मलबा आ गया है और एक कंक्रीट का पिलर भी गिर गया है.
वहीं पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर कई जगहों पर पानी भर गया है. मावल और तामिनी घाट जैसे वैकल्पिक रास्तों पर भी बाढ़ जैसे हालात हैं, जिसके चलते दोनों बड़े शहरों के बीच का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है. हाईवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अगली सूचना तक इस रूट पर यात्रा करने से पूरी तरह बचें.
मौसम विभाग ने तड़के सुबह मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है. सुरक्षा के लिहाज से मुंबई महानगर क्षेत्र के सभी स्कूल और कॉलेज आज बंद रखे गए हैं. मुंबई यूनिवर्सिटी ने भी आज होने वाली अपनी सभी परीक्षाओं को टाल दिया है, जिनकी नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी.
सड़क के साथ-साथ रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है. कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के पास रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने से सेंट्रल रेलवे की मुंबई डिवीजन की ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं. प्रशासन ने सभी नागरिकों से घरों में रहने और केवल बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है.

