आर. माधवन की नई फिल्म ‘GDN’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह फिल्म मशहूर भारतीय आविष्कारक जी.डी. नायडू के जीवन पर आधारित है। करीब 3 मिनट के ट्रेलर में जी.डी. नायडू के संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी दिखाई गई है। ट्रेलर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक खास कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया।
GDN फिल्म का ट्रेलर
इस फिल्म की बात करें तो इसकी कहानी आजादी से पहले के दौर पर आधारित है और यह एक आविष्कारक, बिजनेसमैन और दूरदर्शी के तौर पर जी.डी. नायडू की जिंदगी की कहानी बताती है। ट्रेलर में उनके शुरुआती दिनों और नए आविष्कार करने की कोशिश में उनके द्वारा तय किए गए मुश्किल सफर को दिखाया गया है।
फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार
इसे कृष्णकुमार रामकुमार ने डायरेक्ट किया है और आर माधवन के साथ-साथ फिल्म में सत्यराज, प्रियामणि, जयराम, दुशारा विजयन और कई कलाकार अहम रोल्स में हैं। इसके अलावा, कृष्णकुमार रामकुमार और आर माधवन ने इसकी कहानी लिखी है। गोविंद वसंत ने संगीत और बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया है। अरविंद कमलानाथन सिनेमैटोग्राफर हैं, जबकि बिजीत बाला ने एडिटिंग का काम संभाला है। इस फिल्म को वर्गीस मूलन ने अपने बैनर तले, माधवन और उनकी पत्नी सरिता के ट्राइकलर फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।
फिल्म में जीडी नायडू के व्यक्तित्व को दर्शाया गया?
गोपालस्वामी दोराईस्वामी नायडू (1893–1974), जिन्हें अक्सर ‘भारत का एडिसन’ कहा जाता है, तमिलनाडु के कोयंबटूर के रहने वाले एक ऐसे आविष्कारक, इंजीनियर और उद्योगपति थे जिन्होंने खुद से सब कुछ सीखा था। उन्होंने पहली स्वदेशी इलेक्ट्रिक मोटर और 4-स्ट्रोक इंटरनल कंबशन इंजन बनाकर, साथ ही बड़े पैमाने पर ट्रांसपोर्ट और औद्योगिक कामकाज शुरू करके भारतीय ट्रांसपोर्ट और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए।

