जिला समाज कल्याण विभाग और वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त प्रयास से 20 वर्षों से लापता श्रीमती कबली देवी को आज पूर्वी टुंडी प्रखंड के अंतर्गत ग्राम दलदली (पंचायत चुरुरिया) में उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। मौके पर कबली देवी के पति, बेटा-बेटी, पोता-पोती के साथ गांव के अनेक लोग मौजूद थे।
दरअसल, 65 वर्षीय कबली देवी लगभग 20 साल पहले अचानक अपने गांव से कहीं चली गई थीं। लंबे समय तक खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने उन्हें मृत मान लिया था और उनके पति ने दूसरी शादी भी कर ली थी। वहीं उनके 20 साल बाद वापस गांव लौटने से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
उल्लेखनीय है कि कबली देवी केरल के कालीकट (कोझिकोड) में मिलीं, जिसके बाद उन्हें वहां के सरकारी आशा भवन (महिला) में रखा गया था। इस पूरे मामले में केरल के स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर श्री शिवनमुनाथिल ने बेहद मानवीय और सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कड़ी मेहनत कर महिला के धनबाद स्थित घर का पता लगाया और फोन के माध्यम से धनबाद के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
तत्पश्चात जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शदाता श्री मदन मोहन महथा एवं वन स्टॉप सेंटर की चौकीदार सुश्री आरती कुमारी को शामिल किया गया। यह टीम 23 जून से 28 जून 2026 तक यात्रा कर कबली देवी को सकुशल वापस लेकर धनबाद पहुंची थी।

