धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म (EF) वितरण अभियान में तेजी आई है। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक जिले के 4,04,475 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं |
सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में जारी है अभियान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि धनबाद जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर इस प्रक्रिया को पूरा करना है।
टुंडी विधानसभा में सबसे अधिक फॉर्म वितरित
विधानसभावार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण में टुंडी सबसे आगे है, जहां अब तक 1,03,150 फॉर्म वितरित किए गए हैं। इसके बाद सिंदरी में 74,439 तथा निरसा में 74,396 फॉर्म बांटे जा चुके हैं।
वहीं धनबाद विधानसभा क्षेत्र में 58,067, झरिया में 51,662 तथा बाघमारा में 42,761 एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया है |
अधिकारियों को दिए गए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का नियमित भ्रमण कर रहे हैं। इसका उद्देश्य एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करना है।

