काशी विश्वनाथ मंदिर गेट पर बड़ा हादसा, पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, 3 लोग घायल

काशी विश्वनाथ मंदिर गेट पर बड़ा हादसा, पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, 3 लोग घायल

वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और छोटे पत्थर आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को लगे, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भिजवाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य बताई है। किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से गलती से फायर हो गया। गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास खड़े लोगों को लगीं, जिससे वे घायल हो गए। घटना के कारण मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और संबंधित पीएसी जवान से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला कार्बाइन से आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली किन परिस्थितियों में चली और कहीं सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *