धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। कतरास, चिरकुंडा, निरसा, बाघमारा, तोपचांची, धनबाद, झरिया और कलियासोल सहित कई इलाकों से पहुंचे फरियादियों ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण, भूमि विवाद, आवास योजनाओं और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मामलों को उठाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण की शिकायत
जनता दरबार में हाउसिंग कॉलोनी के एक निवासी ने शिकायत की कि कॉलोनी के सार्वजनिक नाले पर कथित रूप से अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को मीडिया कर्मी और यूट्यूबर बताकर प्रभाव का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कई फोटोग्राफ भी प्रस्तुत किए।
मामले का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने हाउसिंग बोर्ड को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सरकारी जमीन पर चार मंजिला होटल निर्माण का आरोप
हीरापुर से पहुंची एक महिला ने जनता दरबार में शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें उनके आवास से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का कहना था कि गलत जानकारी देकर नगर निगम को गुमराह किया जा रहा है और उनके मकान को हटाने की कोशिश की जा रही है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से चार मंजिला होटल का निर्माण किया है। इस मामले में उपायुक्त ने अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विभिन्न योजनाओं और भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं
जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, जन्म प्रमाण पत्र, ऑनलाइन लगान रसीद, जमाबंदी प्रमाण पत्र, रेलवे द्वारा अधिग्रहित भूमि के मुआवजे, जबरन भूमि कब्जा, सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध करने तथा बीसीसीएल से जुड़े भूमि विवादों की शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
इसके अलावा गोविंदपुर से आए एक व्यक्ति ने विद्यालय के समीप संचालित शराब दुकान को बंद कराने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
सभी मामलों के निष्पादन के दिए निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

