धनबाद: प्रधानमंत्री कुसुम योजना की समीक्षा, 192 आवेदन स्वीकृत, दावा-आपत्ति आमंत्रित

धनबाद: प्रधानमंत्री कुसुम योजना की समीक्षा, 192 आवेदन स्वीकृत, दावा-आपत्ति आमंत्रित

धनबाद, 2 जुलाई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 2, 3 एवं 5 एचपी सोलर पंप वितरण योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा स्वीकृत और अस्वीकृत आवेदनों पर आवश्यक निर्देश दिए गए।

जांच के बाद 192 आवेदन स्वीकृत, 121 हुए अस्वीकृत

समीक्षा के दौरान बताया गया कि धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों की जांच एवं सत्यापन के बाद कुल 192 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें धनबाद से 7, बलियापुर से 17, निरसा से 33, गोविंदपुर से 25, पूर्वी टुंडी से 4, टुंडी से 22, तोपचांची से 23 और बाघमारा से 61 आवेदन शामिल हैं।

वहीं, जांच के बाद 121 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया है।

दावा-आपत्ति के लिए सूची प्रकाशित करने के निर्देश

उपायुक्त ने स्वीकृत एवं अस्वीकृत आवेदनों की सूची समाचार पत्रों में प्रकाशित कर दावा-आपत्ति आमंत्रित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन किया जा सके।

लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

बैठक में उपायुक्त ने सोलर पंप स्थापित करने वाली एजेंसी ज्रेडा (JREDA) के प्रतिनिधियों के साथ विगत तीन वर्षों में स्वीकृत आवेदनों की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित आवेदनों की जांच एवं सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाकर उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, विद्युत प्रमंडल एवं लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *