धनबाद: धनबाद नगर निगम ने व्यापार अनुज्ञप्ति (ट्रेड लाइसेंस) नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरायढेला स्थित ओज़ोन गैलेरिया परिसर में विशेष सत्यापन एवं निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर प्रबंधक जरी विशाल सिन्हा के नेतृत्व में निगम की टीम ने विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रेड लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर नगर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹14,000 का अर्थदंड लगाया और मौके पर ही इसकी वसूली भी की।
नगर निगम ने कहा कि व्यापार अनुज्ञप्ति संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सत्यापन और प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में वैधानिक अनुपालन सुनिश्चित करना और नागरिकों को पारदर्शी एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

