धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने 23 वॉलिंटियर्स को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया है। सभी संबंधित वॉलिंटियर्स को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 30 जून 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की एसआईआर-2026 से संबंधित आवश्यक बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान वॉलिंटियर्स को बीएलओ के साथ उपस्थित रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए उन्हें पहले से प्रशिक्षण भी दिया गया था।
हालांकि, जिला हेल्प डेस्क मैनेजर द्वारा दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने पर 23 वॉलिंटियर्स अपने-अपने मतदान केंद्रों से अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना है।
जारी नोटिस में 39 निरसा, 40 धनबाद और 41 झरिया विधानसभा क्षेत्र के कुल 23 वॉलिंटियर्स को शामिल किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी से 24 घंटे के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित वॉलिंटियर्स के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

