डीडीसी सन्नी राज ने डिजिटल ‘बिरसा कृषि रथ’ को दिखाई हरी झंडी, किसानों तक पहुंचेगी आधुनिक खेती की जानकारी

डीडीसी सन्नी राज ने डिजिटल ‘बिरसा कृषि रथ’ को दिखाई हरी झंडी, किसानों तक पहुंचेगी आधुनिक खेती की जानकारी

धनबाद, 1 जुलाई: किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धनबाद के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने बुधवार को समाहरणालय परिसर से डिजिटल ‘बिरसा कृषि रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ अगले 15 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा।

इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि इस वर्ष सुपर अल-नीनो के प्रभाव के कारण कम वर्षा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में सही फसल का चयन और वैज्ञानिक सलाह किसानों तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिरसा कृषि रथ का उद्देश्य गांव-गांव जाकर किसानों को मौसम के अनुरूप खेती के लिए जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम रथ के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करेगी तथा किसानों को मिट्टी की जांच, जैविक खेती, फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी देगी। साथ ही किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए उन्हें तकनीकी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

डीडीसी ने कहा कि रथ के माध्यम से बिरसा हरित ग्राम योजना सहित सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री का किसानों के नाम संदेश भी प्रसारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान योजनाओं का लाभ उठा सकें और बदलते मौसम के प्रति सजग रहकर बेहतर उत्पादन कर सकें।

उन्होंने कहा कि बिरसा कृषि रथ किसानों और कृषि विभाग के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा। उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं और कृषि को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।

इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी जनार्दन शर्मा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक मोतीलाल, सहायक तकनीकी प्रबंधक संतोष कुमार सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *