धनबाद: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य और उसकी कार्ययोजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटेगा और एक भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
30 जून से घर-घर जाकर वितरित होंगे इन्यूमरेशन फॉर्म
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। मतदाता एक प्रति भरकर बीएलओ को जमा करेंगे, जबकि दूसरी प्रति पावती के रूप में अपने पास रखेंगे।
उन्होंने कहा कि जो मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
मैपिंग पूरी होने पर सामान्यतः दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं
के. रवि कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पूर्व के विशेष पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मैपिंग की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। जिन मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो जाएगी, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाएगी, उन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के अनुसार आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण एक पारदर्शी और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके प्रत्येक चरण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे तथा पूरी प्रक्रिया की जानकारी उनसे साझा की जाएगी।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि बीएलओ के घर पहुंचने पर इन्यूमरेशन फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें।
ईवीएम वेयरहाउस और मतदान केंद्रों का भी किया निरीक्षण
धनबाद दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इसके अलावा भूली बस्ती स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय) और मतदान केंद्र संख्या-210 (गुरुनानक मध्य विद्यालय) का भी निरीक्षण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
बैठक और निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

