धनबाद: कोयलांचल के युवा गायक अभिषेक कुमार सोमवार को अपने गृहनगर धनबाद पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इंडियन आइडल 16 के टॉप-8 तक का सफर तय करने वाले अभिषेक के स्वागत में प्रशंसकों, दोस्तों और परिवार के लोगों की बड़ी संख्या जुटी। भूईफोड़ मंदिर से लेकर उनके आवास तक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच हुआ स्वागत
अभिषेक कुमार के धनबाद पहुंचते ही प्रशंसकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं ने जमकर उत्साह दिखाया और पूरे रास्ते ‘अभिषेक कुमार जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
इंडियन आइडल 16 में बनाया था टॉप-8 में स्थान
अभिषेक कुमार ने अपनी सुरीली और मखमली आवाज के दम पर इंडियन आइडल 16 में जजों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में टॉप-8 तक का सफर तय किया। हालांकि, पिछले सप्ताह कम वोट मिलने के कारण उन्हें शो से बाहर होना पड़ा। उनके एलिमिनेशन की खबर से धनबाद सहित झारखंड के प्रशंसकों में मायूसी देखी गई। कई लोगों ने उन्हें प्रतियोगिता का मजबूत दावेदार माना था।
परिवार और प्रशंसकों ने जताई खुशी
अपने बेटे की उपलब्धि पर अभिभावकों की आंखें खुशी से नम हो गईं। अभिषेक कुमार ने भी स्वागत के लिए सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान धनबाद विधायक राज सिन्हा भी मौजूद रहे और उन्होंने अभिषेक की उपलब्धि की सराहना की।
युवा कलाकारों के लिए बने प्रेरणा
एक छोटे शहर से निकलकर देश के प्रमुख सिंगिंग रियलिटी शो के टॉप-8 तक पहुंचना अभिषेक कुमार की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस सफलता ने धनबाद और झारखंड के उभरते कलाकारों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। भले ही उनका सफर शो में समाप्त हो गया हो, लेकिन उनकी गायकी को लेकर प्रशंसकों का उत्साह और समर्थन लगातार बना हुआ है।

