धनबाद: जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 28 जून से 30 जून 2026 तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है।
सिविल सर्जन ने की अभिभावकों से अपील
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने पत्रकार वार्ता में सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।
उन्होंने बताया कि पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
1976 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 28 जून को जिले के 1976 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ, 16 मोबाइल टीम और विशेष टीमों की तैनाती की गई है।
अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर फील्ड में रहेंगे, जबकि दवा की सुरक्षित आपूर्ति और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 137 सब-डिपो बनाए गए हैं।
छूटे बच्चों तक घर-घर पहुंचेगी टीम
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 29 और 30 जून को विशेष टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उपायुक्त करेंगे अभियान का शुभारंभ
पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ 28 जून की सुबह 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद सदर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

