धनबाद: पूरे धनबाद जिले में मुहर्रम का पर्व शनिवार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से शांतिपूर्वक संपन्न हुए और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे व्यापक इंतजाम
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि मुहर्रम को लेकर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई और जुलूस मार्गों के लिए सुरक्षित यातायात योजना भी लागू की गई, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने किया लगातार क्षेत्र भ्रमण
अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और अंचल पुलिस निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर ताजिया जुलूस और पारंपरिक आयोजनों की निगरानी करते रहे।
जनप्रतिनिधियों और शांति समिति का मिला सहयोग
जिला प्रशासन ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग से पूरे जिले में मुहर्रम का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सभी समुदायों ने आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए प्रशासन का सहयोग किया।
भाईचारे और सामाजिक एकता का दिया संदेश
मुहर्रम के अवसर पर जिलेभर में सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी संस्कृति की मिसाल देखने को मिली। प्रशासन ने सभी नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा बलों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से धनबाद में पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

