भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस प्रकरण में अब तक कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि मामले की जांच विभिन्न स्तरों पर जारी है। इस बीच, मानवाधिकार आयोग ने भी पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। आयोग सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रहा है ताकि घटना की निष्पक्ष सच्चाई सामने आ सके। वहीं, अब इस मामले पर राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भोजपुर की घटना पर सरकार ने तुरंत न्यायिक जांच कमीशन का गठन किया, ताकि न्याय जल्दी मिले। उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत है कि उसपर कार्रवाई होगी।
सम्राट चौधरी ने साध ली थी चुप्पी
बता दें कि इससे पहले सम्राट चौधरी गुरुवार को जमुई पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया के भरत तिवारी से जुड़े सवालों पर चुप्पी साध ली थी। वह हाथ जोड़कर निकल गए थे। हालांकि, अब सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया है कि जो भी गलत होगा उसपर कार्रवाई होगी।
बीजेपी का ‘संविधान हत्या दिवस’
बता दें कि सीएम सम्राट पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम में हजारों लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में जेपी नड्डा भी मौजूद थे। बीजेपी नेताओं ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
सम्राट चौधरी ने अपने फेसबुक हैंडल पर आपातकाल को लेकर एक पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा- आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का वह काला अध्याय है, जब संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अभूतपूर्व प्रहार किया गया था। सत्ता के अहंकार में देशवासियों की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया, हजारों लोकतंत्र सेनानियों को जेलों में बंद किया गया और प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने आगे लिखा- आइए, हम सब मिलकर संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती और भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लें।

