धनबाद में नकली नमक फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

धनबाद में नकली नमक फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के गुरु नानक कॉलेज के समीप भूधा मुख्य मार्ग स्थित एक अवैध नमक पैकिंग इकाई का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकली ब्रांडेड नमक तैयार कर बाजार में सप्लाई करने के आरोप में शुभम अग्रवाल और उसके पिता को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित परिसर में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां बड़े पैमाने पर प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम से नमक की पैकिंग किए जाने के प्रमाण मिले। आरोप है कि आरोपी टाटा नमक और पतंजलि नमक के नाम से नकली पैकेट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री, तैयार नकली नमक के पैकेट, खाली रैपर तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबे समय से यह कारोबार संचालित किया जा रहा था और आसपास के बाजारों में इसकी आपूर्ति की जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ब्रांडेड कंपनियों की पैकिंग की नकल कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा था। मामले में कॉपीराइट उल्लंघन, धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा था और किन-किन क्षेत्रों में नकली नमक की सप्लाई की जा रही थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *