स्कूल से बंक मारकर दोस्तों के साथ मैथन डैम में नहाने गया दसवीं का एक छात्र डूब गया। लापता छात्र का नाम प्रिंस कुमार है। वह आसनसोल के डीएवी पब्लिक स्कूल (DAV Public School) की दसवीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से लापता छात्र के परिवार समेत पूरे इलाके में गहरा शोक छा गया है।
स्थानीय और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह प्रिंस अपने सात सहपाठियों के साथ आसनसोल से एक ऑटो रिजर्व कर मैथन के लिए निकला। वे मैथन फायरिंग रेंज और आनंद द्वीप के बीच एक घाट पर पहुंचे। इसके बाद सभी दोस्त मिलकर जलाशय में नहाने उतरे। नहाते समय अचानक प्रिंस गहरे पानी में डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। पलक झपकते ही वह पानी में समा गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बाकी दोस्त बेहद डर और घबराहट में दिशाहीन हो गए। वे घटना के बारे में किसी को बताए बिना या पुलिस-प्रशासन को खबर दिए बगैर चुपचाप आसनसोल लौट आए। यहां तक कि प्रिंस का स्कूल बैग उन्होंने पास के एक जंगल में फेंक दिया।
इधर शाम ढलने के बाद भी प्रिंस के घर न लौटने पर परिवार वाले परेशान होकर उसकी तलाश शुरू कर दी। स्कूल से संपर्क करने पर स्कूल प्रबंधन ने बताया कि प्रिंस और उसके दोस्त उस दिन स्कूल ही नहीं आए थे। लाचार होकर परिवार के सदस्य आसनसोल नॉर्थ थाने पहुंचे।

शिकायत मिलते ही आसनसोल नॉर्थ थाने की पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और प्रिंस के साथ गए दोस्तों से पूछताछ की। पुलिस की मैराथन पूछताछ में टूटकर दोस्तों ने मैथन घूमने जाने और नहाते समय प्रिंस के डूबने की पूरी सच्चाई कबूल कर ली।
आसनसोल नॉर्थ थाने की पुलिस ने तुरंत पूरी बात सालानपुर थाने की कल्याणेश्वरी चौकी को बताई। इसके बाद पुलिस आरोपी दोस्तों को साथ लेकर सीधे घटनास्थल पहुंची। स्थानीय नाविकों की मदद से जलाशय में युद्धस्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। साथ ही जंगल से प्रिंस का फेंका हुआ स्कूल बैग भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
हालांकि आखिरी मिली जानकारी के अनुसार, अब तक लापता छात्र प्रिंस कुमार का कोई सुराग नहीं मिला है। कल्याणेश्वरी चौकी की पुलिस संयुक्त रूप से जलाशय में तलाश कर रही है। दोस्तों के ऐसे बर्ताव से लापता के परिजन नाराज और मर्माहत हैं।
“न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट”

