धनबाद: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को धनबाद पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी, सीसीआर डीएसपी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को जुलूस के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित आपात स्थितियों, विशेषकर भगदड़ या कानून-व्यवस्था संबंधी किसी भी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस बल ने विभिन्न परिस्थितियों का अभ्यास कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य जवानों को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर लिया गया है। झरिया, बैंक मोड़ समेत अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन क्षेत्रों में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम तैनात रहेगी, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल से पुलिस जवानों का अभ्यास भी हो गया है और उनकी तैयारी की समीक्षा भी की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि मोहर्रम पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

