समस्तीपुर/सहारनपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सहारनपुर में हुई मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, लल्लन सिंह लूट, हत्या और डकैती समेत कई संगीन मामलों में वांछित था और उस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम ने एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान लल्लन सिंह का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
कई संगीन मामलों में वांछित था लल्लन सिंह
लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंद गोलवां गांव का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती के कई मामले दर्ज थे।
उस पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 1 लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से यूपी और बिहार पुलिस की तलाश में था।
सब-इंस्पेक्टर समेत कई हत्याओं के आरोप
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की घटना में लल्लन सिंह का नाम सामने आया था।
इसके अलावा चंदौली में युवक की हत्या और बाइक लूट के मामले में भी वह वांछित था। बिहार में भी उसके खिलाफ बैंक डकैती, हत्या और लूट के कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
‘ब्रदर्स गैंग’ चलाने का आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह अपने भाइयों के साथ मिलकर ‘ब्रदर्स गैंग’ संचालित करता था। उसके खिलाफ बैंक और कैश वैन लूट जैसी कई घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे।
बताया जाता है कि साल 2017 में पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र में एक बैंक डकैती की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। इस मामले में लाखों रुपये की लूट और गोलीबारी की घटना हुई थी।
तीन साल पहले मारे गए थे दोनों भाई
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में बैंक लूट की घटना के बाद लल्लन सिंह और उसके भाई उत्तर प्रदेश चले गए थे। उसी दौरान उसके दोनों भाई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे, जबकि लल्लन सिंह फरार हो गया था।
अब करीब साढ़े तीन साल बाद यूपी एसटीएफ की कार्रवाई में उसकी मौत हुई है।

