विदेश यात्रा का सपना देख रहे लोगों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक खास अवसर लेकर आया है। IRCTC ने ‘जापान एक्स-दिल्ली’ नाम से नया टूर पैकेज लॉन्च किया है, जिसके तहत पर्यटक 9 रात और 10 दिन तक जापान की रोमांचक यात्रा का आनंद ले सकेंगे। इस दौरान यात्रियों को जापान की समृद्ध संस्कृति, आधुनिक तकनीक, ऐतिहासिक स्थलों और मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का मौका मिलेगा। यह पैकेज उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो विदेश में यादगार छुट्टियां बिताना चाहते हैं।
क्या है टूर की तारीख और कितना होगा खर्च
यह टूर 6 सितंबर, 2026 को दिल्ली से शुरू होगा और 15 सितंबर, 2026 को खत्म होगा। यात्री ऑल निप्पॉन एयरवेज से दिल्ली से टोक्यो (हानेडा) के लिए उड़ान भरेंगे। कीमत की बात करें तो, ट्विन/डबल शेयरिंग अकोमोडेशन के लिए किराया ₹3,49,999 प्रति व्यक्ति तय किया गया है, जबकि अकेले यात्रा करने वालों के लिए पैकेज की कीमत ₹4,73,999 है।
क्या-क्या मिलेगा खास सुविधा?
इस पैकेज के तहत, पर्यटक टोक्यो, हाकोने, हमामात्सु, क्योटो, ओसाका, नारा और हिरोशिमा की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान, आप दुनिया भर में मशहूर माउंट फ़ूजी, क्योटो के बैम्बू फ़ॉरेस्ट, ओसाका कैसल और हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क देख सकेंगे। इस यात्रा की एक खास बात यह है कि यात्रियों को शिन-ओसाका से हिरोशिमा और हिरोशिमा से टोक्यो तक मशहूर ‘बुलेट ट्रेन’ में सफ़र करने का रोमांचक अनुभव भी मिलेगा।
विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों को अक्सर खाने-पीने को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए, IRCTC ने पैकेज में भारतीय स्टाइल के नाश्ते, लंच और डिनर का खास इंतज़ाम किया है।
पैकेज बुक करने के लिए यात्रियों के पास पैन कार्ड और कम से कम छह महीने की वैलिडिटी वाला पासपोर्ट होना ज़रूरी है। पैकेज की कीमत के अलावा 2% TCS (टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स) अलग से देना होगा। वीज़ा एप्लीकेशन के लिए बैंक स्टेटमेंट और ITR (इनकम टैक्स रिटर्न) रिकॉर्ड जैसे ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स IRCTC को जमा करने होंगे।

