देशभर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब 22 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच उत्सुकता के साथ-साथ कई सवाल भी बने हुए हैं। री-एग्जाम शुरू होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री का बयान सामने आया है। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई तथा छात्रों से शांतिपूर्वक परीक्षा देने की अपील की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों से बिना किसी भय और चिंता के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की। प्रधान ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, शिक्षा जगत और छात्रों पर पूरा भरोसा है।
शिक्षा मंत्री ने दिया छात्रों को ढेर सारी शुभकामनाएं
उन्होंने कहा, ‘आज करीब 22 लाख छात्र कुछ ही देर में नीट परीक्षा देने जा रहे हैं। उन्हें निडर होकर और बिना किसी चिंता के परीक्षा में शामिल होना चाहिए। वे निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मेरी ओर से सभी छात्रों को ढेर सारी शुभकामनाएं।’
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़े। उन्होंने कहा, ‘कृपया भारत की नई पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें। ऐसा कुछ भी न करें जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़े। कुछ ही घंटों में बच्चे परीक्षा देने जा रहे हैं।’
किसी का नाम लिए बिना प्रधान ने कहा कि शनिवार को कुछ ‘कथित जिम्मेदार लोगों’ ने ‘गलत इरादे’ से ऐसा व्यवहार किया, जिससे बच्चों पर असर पड़ा, उन्होंने उनसे आगे किसी भी तरह की परेशानी या तनाव नहीं फैलाने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘कम से कम यदि आप जिम्मेदार हैं, यदि आप स्वयं को भारत का सच्चा नागरिक मानते हैं, यदि आप भारत के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो कृपया जिम्मेदारी लें और बच्चों को और अधिक परेशानी न दें।’
आपको बता दें कि एनटीए ने तीन मई को हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दिया था, और सरकार ने इस मामले को जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया है। पुनर्परीक्षा रविवार को आयोजित की जा रही है।

