धनबाद: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धनबाद के सारायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत धांगी मोड़, बलियापुर रोड स्थित सूर्या हाइलैंड सिटी में महिलाओं के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग शिविर का आयोजन सूर्या हाइलैंड सिटी सोसाइटी के करुणा-11 बंगले की छत पर किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुषमा सिंह और ज्योति शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के दौरान सुषमा सिंह ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की जानकारी दी तथा योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के उपाय बताए।

कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाओं ने नियमित रूप से योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ज्योति शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज विश्व के अनेक देशों में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करता है। योग के माध्यम से विश्व शांति और मानव कल्याण के संदेश को भी मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीभा प्रसाद, कंचन सिंह, प्रीति गुप्ता, बीभा सिंह, रेणु उपाध्याय, रानी शर्मा, बबीता सलूजा, ममता, बिंदु शर्मा, अनीता शर्मा सहित कई महिलाओं ने भाग लिया और योग के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

