मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव! लेबनान में इजरायल के हमले से 16 की मौत, हिजबुल्लाह ने 4 इजरायली सैनिक मार गिराए

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव! लेबनान में इजरायल के हमले से 16 की मौत, हिजबुल्लाह ने 4 इजरायली सैनिक मार गिराए

मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में कई हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। इन हमलों के बाद लेबनान के सशस्त्र संगठन हिजबुल्लाह ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल की ओर कई रॉकेट दागे। हिजबुल्लाह के इस पलटवार में 4 इजरायली सैनिकों के मारे जाने की खबर है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते हमलों ने क्षेत्र में संघर्ष और अस्थिरता की आशंकाओं को और गहरा कर दिया है। बुधवार-गुरुवार की रात यह हमले किए गए हैं। लेबनान में हालिया दिनों में यह इजरायल के सबसे बड़े हमलों में से एक है। इजरायल ने ईरान-अमेरिका समझौते की परवाह ना करते हुए हमले किए हैं। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को लेबनान में बमबारी ना करने के लिए चेता चुके हैं क्योंकि इससे शांति समझौता खतरे में पड़ता है।

लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान के नबातीह जिले में इजरायली हवाई हमलों और आर्टिलरी शेलिंग में कम से कम 16 लोग मारे गए हैं। हमलों में कई लोग घायल हो गए हैं और कुछ लोग स्ट्राइक के बाद से लापता हैं। एजेंसी ने कहा कि रातभर इजरायल ने बमबारी की, जिसमें घरों को निशाना बनाया गया।

NNA ने कहा है कि इजरायली आर्टिलरी से नबातीह शहर के साथ-साथ कफर जौज और आसपास के कई शहरों में बमबारी की है, जिनमें कफर रेमन और जेबदीन शामिल हैं। इजरायल ने हवाई हमलों में कफर तिब्नीत और रेहान की पहाड़ियों को भी निशाना बनाया। नबातीह और हारूफ में आठ लोग मारे गए।

लेबनान के अल-शर्किया और दोएर के बीच एक घर पर हुए हमले में चार लोग मारे गए, जबकि कफर सर शहर में हुए हमले में तीन लोग मारे गए।दोएर म्युनिसिपैलिटी बिल्डिंग के पास एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने वाले इजरायली ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।

इजरायली सेना की नॉर्दर्न कमांड के प्रमुख मेजर जनरल ओरी गोर्डिन की ओर से कहा गया है कि उन्होने हिजबुल्लाह को निशाना बनाया है। हवाई हमले के कुछ घंटों बाद हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजरायल के शहर किरयात शमोना और एक सैन्य अड्डे पर रॉकेट दागने की जिम्मेदारी ली है। हिजबुल्लाह ने इसे पैरामेडिक सेंटर पर हुए हमले का बदला कहा है।

हिजबुल्लाह के जवाबी हमले में चार इजराइली सैनिक मारे गए हैं। मारे गए सैनिकों में से एक IDF की 52वीं बटालियन के कमांडर 32 वर्षीय लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेदालिया बेन सिमोन हैं। इजरायली सेना के अनुसार, लेबनान से उत्तरी इजरायल की ओर 30 रॉकेट दागे गए। इससे कई इमारतों को भी नुकसान हुआ है।

आपको बता दें कि ईरान और अमेरिका के बीच हाल ही में युद्ध रोकने के लिए MoU पर हस्ताक्षर हुए हैं। इसके 14 प्वाइंट में से एक में साफ लिखा है कि लेबनान समेत सभी मोर्चों पर लड़ाई रोकी जाएगी। ईरान ने समझौते के लिए लेबनान में बमबारी रोकने पर जोर दिया है। ऐसे में इजरायल का लेबनान में भीषण हमला ईरान को नाराज कर सकता है। इसका समझौते पर नकारात्मक असर हो सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *