भारत में BRICS की तैयारी तेज, चीन के विदेश मंत्री वांग यी का अहम दौरा अगले हफ्ते

भारत में BRICS की तैयारी तेज, चीन के विदेश मंत्री वांग यी का अहम दौरा अगले हफ्ते

सितंबर में भारत की अध्यक्षता में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी अगले हफ्ते (22-23 जून) समूह के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) की बैठक के लिए भारत का दौरा करेंगे। विदेश मंत्री वांग यी पिछले महीने ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल नहीं हो पाए थे।

आपको बता दें कि इस साल ब्रिक्स की रोटेशनल प्रेसिडेंसी भारत के पास है और 2027 के लिए यह चीन को सौंपी जाएगी। रिश्तों में धीरे-धीरे लेकिन लगातार सुधार को देखते हुए दोनों देशों ने एक-दूसरे की अध्यक्षता का समर्थन करने का वादा किया है।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वांग यी भारतीय आमंत्रण पर इस बैठक का हिस्सा बन रहे हैं। जहां वे वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ चर्चा करेंगे।

ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारी भी की जाएगी

बीजिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने आगे कहा कि बैठक में पारंपरिक और गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए संयुक्त उपायों पर चर्चा होगी। साथ ही सितंबर में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारी भी की जाएगी। लिन ने कहा कि बदलती और अस्थिर दुनिया में जहां कई सुरक्षा चुनौतियां बढ़ रही हैं। वहीं ‘ग्लोबल साउथ’ का नेतृत्व करने वाले ब्रिक्स देश विश्व शांति की रक्षा, साझा विकास को बढ़ावा देने, बहुपक्षवाद को अपनाने , अधिक न्यायसंगत वैश्विक शासन व्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

द्विपक्षीय बैठकें करेंगे चीनी विदेश मंत्री

इस दौरान विदेश मंत्री वांग यी NSA अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं। लिन ने कहा कि चीन राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग को बेहतर बनाने के लिए ब्रिक्स सदस्यों के साथ बातचीत और तालमेल बढ़ाने का इच्छुक है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *