अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में धनबाद में ‘रन फॉर योग’ का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में धनबाद में ‘रन फॉर योग’ का आयोजन

Dhanbad News: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में धनबाद जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत रणधीर वर्मा चौक से हुई और इसका समापन सिटी सेंटर में किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, खेल प्रेमी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को योग के महत्व, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव तथा नियमित योगाभ्यास के लाभों के बारे में जागरूक किया गया।

प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प भी लिया। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी 21 जून 2026 को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मेमको मोड़ में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और योग को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *