बिहार के मोकामा क्षेत्र से विधायक अनंत सिंह के काफिले की चार गाड़ियां गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे का शिकार हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और विधायक अनंत सिंह भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देर रात अपने काफिले के साथ पटना लौट रहे थे। काफिले में कई वाहन शामिल थे और सबसे आगे विधायक की गाड़ी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान काफिले की एक गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे चल रहे वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे चार गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसा अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा पेट्रोल पंप के समीप हुआ।
दुर्घटना के बाद विधायक अनंत सिंह कुछ समय के लिए घटनास्थल पर रुके और अपने साथ मौजूद लोगों का हालचाल जाना। किसी के घायल नहीं होने की पुष्टि होने के बाद वे आगे रवाना हो गए।
अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि काफिले की चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायक अनंत सिंह का वाहन दुर्घटना की चपेट में नहीं आया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटा दिया गया है और यातायात सामान्य रूप से जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मार्ग पर आवागमन प्रभावित नहीं हुआ और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

