धनबाद: बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष प्रमोद गोयल के नेतृत्व में नगर आयुक्त आशीष गंगवार से मुलाकात कर व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाया। इस दौरान ट्रेड लाइसेंस, होल्डिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पार्किंग और जनसुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
ट्रेड लाइसेंस समस्याओं के समाधान के लिए लगेगा विशेष कैंप
बैठक में ट्रेड लाइसेंस से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। नगर आयुक्त ने बताया कि व्यापारियों की सुविधा के लिए जल्द ही तीन दिवसीय विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां लंबित मामलों का समाधान किया जाएगा। साथ ही पुराने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
होल्डिंग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर चर्चा
बैठक में दुकानों के लिए कमर्शियल होल्डिंग नंबर बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कमर्शियल होल्डिंग सुनिश्चित की जाएगी।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर व्यापारियों की चिंताओं पर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि पुराने भवनों पर लागू प्रावधानों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
DMC मॉल में मुफ्त पार्किंग और जन सहायता केंद्र की तैयारी
नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि फिलहाल बैंक मोड़ स्थित DMC मॉल में निशुल्क पार्किंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। आने वाले समय में इसे और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा। इसके लिए बड़े सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि लोगों को पार्किंग संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके।
इसके अलावा DMC मॉल परिसर में नगर निगम जन सहायता केंद्र खोलने का भी आश्वासन दिया गया। इससे बैंक मोड़, झरिया, पुराना बाजार, केंदुआ, करकेंद और पुटकी क्षेत्र के लोगों को टैक्स जमा करने सहित अन्य नगर निगम सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
राजेंद्र मार्केट के ऐतिहासिक कुएं का होगा सौंदर्यीकरण
बैठक के दौरान बैंक मोड़ के जेपी चौक स्थित ऐतिहासिक धरोहर राजेंद्र मार्केट के प्राचीन कुएं “अमृत धारा” के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का मुद्दा भी उठाया गया। नगर आयुक्त ने इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया।
व्यापारियों से ट्रेड लाइसेंस बनवाने की अपील
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने नगर निगम के सीमित आर्थिक संसाधनों का जिक्र करते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स से अधिक से अधिक व्यापारियों का ट्रेड लाइसेंस सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कैंप के बाद निगम की टीम लाइसेंस जांच अभियान भी चला सकती है।
बैठक में नगर निगम की ओर से प्रसून कौशिक, विशाल सिन्हा, मनोज रवानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से लोकेश अग्रवाल, सुरेंद्र अरोड़ा, संदीप मुखर्जी, विकास पटवारी और अमित जैन सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।

