धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, लंबित आवेदनों, एनपीसीआई अद्यतन, पोषण ट्रैकर, पोषण वाटिका और हॉट कुक्ड मील जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से जुड़े लंबित आवेदनों और तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं को कार्य संस्कृति में सुधार लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
पोषण वाटिका विकसित करने वाले केंद्रों को मिलेगा पुरस्कार
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिले की सर्वश्रेष्ठ पोषण वाटिकाओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त केंद्र को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त केंद्र को 8 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त केंद्र को 6 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने की भी योजना है।
आधारभूत सुविधाओं की कमी दूर करने के निर्देश
महिला पर्यवेक्षिकाओं ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, बिजली, खिड़की, दरवाजा और अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमी की जानकारी दी। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने को कहा।
8 उत्कृष्ट महिला पर्यवेक्षिकाएं सम्मानित
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 8 महिला पर्यवेक्षिकाओं को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में लक्ष्मी कुमारी (बाघमारा), कीर्ति पुष्प (बलियापुर), कामिनी कुमारी (धनबाद), प्रेरणा बर्णवाल (गोविंदपुर), शकुंतला कुमारी (झरिया), कुमारी शिखा (निरसा), रानी सीमा (तोपचांची) और किरण कुमारी (टुंडी) शामिल हैं।
उपायुक्त ने सभी सम्मानित पर्यवेक्षिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

